कानपुर देहात। गेहूं खरीद केंद्र में किसानों की समस्याओं का तत्काल निस्तारण किया जा सके, इसके लिए माती में कंट्रेाल रूम की स्थापना कर दी गई है। कंट्रोल रूम का नंबर 05111-271444 है। लघु और सीमांत किसानों के लिए दो दिन आरक्षित कर दिए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक एक अप्रैल से जिले में गेहूं की खरीद शुरू हो रही है। इसके लिए जिला प्रशासन तैयारी करने में जुटा है। किसानों को कोई परेशानी न हो। जिले स्तर पर किसानों की समस्याएं सुनने के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना कर दी गई है। एडीएम वित्त एवं राजस्व साहब लाल ने बताया कि किसानों को केंद्र पर कोई समस्या आ रही है तो कंट्रोल रूम में फोन करके शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिसका निस्तारण कराया जाएगा।
बताया कि शिकायत दर्ज करने के साथ पूरा विवरण रखने के लिए कंट्रोल रूम में कलक्ट्रेट के कनिष्ठ लिपिक सुरेंद्र कुमार को सुबह 10 से 2 बजे तक इसके बाद 2 से 6 बजे तक विपणन सहायक प्रशांत शर्मा को लगाया गया है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। दोनो कर्मचारी ई मेल, फैक्स आदि के माध्यम से संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को भेजेंगे। कंट्रोल रूम रविवार व सरकारी अवकाश को छोड़कर अन्य किसी प्रकार के अवकाश में 10 से 1 बजे तक सक्रिय रहेगा। लघु व सीमांत यानि अधिकतम दो हेक्टेयर भूमि वाले किसानों के लिए सप्ताह में दो दिन आरक्षित कर दिए गए हैं।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी शिशिर कुमार ने बताया कि प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को लघु व सीमांत किसानों से ही खरीद की जाएगी। केंद्रों में महिला किसानों को तवज्जो दी जाएगी। यहां तक कि बिना नंबर के ही उनकी खरीद कर ली जाएगी। अधिक से अधिक छोटे किसानों को समर्थन मूल्य योजना का लाभ दिलाने के लिए दो दिन आरक्षित किए गए हैं।