21 जून को कानपुर के ग्रीनपार्क में 12 हजार लोग योग करेंगे। जिला प्रशासन और कानपुर योगा एसोसिएशन के तत्वावधान में मनाए जाने वाले योग दिवस में अमर उजाला मीडिया पार्टनर है। सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने बैठक कर योग दिवस की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सभी विभागों के अफसर और कर्मचारी योग दिवस पर होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। वह अपने परिवार के सदस्यों को भी ला सकते हैं। टेंट और साउंड की व्यवस्था केडीए करेगा।
योगा एसोसिएशन शहर के सभ्रांत लोगों को कार्यक्रम में आमंत्रित करने के लिए कार्ड बांटेगी। योग सुबह छह से आठ बजे तक कराया जाएगा। बैठक में एडीएम सिटी विवेक श्रीवास्तव, केडीए सचिव एसपी सिंह, योगा एसोसिएशन के संरक्षक पीयूष अग्रवाल, अध्यक्ष एके सिंह, सचिव अभय सिंह, संयोजक प्रणित अग्रवाल समेत कई विभागों के अफसर मौजूद रहे।
21 जून को सुबह छह बजे ग्रीनपार्क में ज्यादा से ज्यादा शहरी योग करने पहुंचें। योग से सेहत ठीक रहती है। भागदौड़ और तनाव भरे जीवन में योग से सेहत और दिमाग दोनों को दुरुस्त रखा जा सकता है।
- विजय विश्वास पंत, जिलाधिकारी
21 जून को ग्रीनपार्क में योग करने के लिए 12 हजार शहरियों के पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। लोगों से अपील है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में ग्रीनपार्क आएं।
- विवेक श्रीवास्तव, एडीएम सिटी