सजेती (कानपुर)। कोतवाली क्षेत्र में अलग अलग हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। पहली घटना सजेती के धरमंगदपुर मोड़ के सामने ट्रक ने रोड किनारे जा रहे युवक को रौंद दिया। हादसा करने के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला।
सजेती थानाक्षेत्र के घुरऊपुर गांव निवासी अरविंद कुशवाहा (26) अविवाहित था। वह मजदूरी करके जीवकोपार्जन करता था। शनिवार की शाम 4 बजे के आसपास रोड किनारे जा रहा था। तभी कानपुर-सागर राजमार्ग स्थित धरमंगदपुर मोड़ के सामने ट्रक ने उसे रौंद दिया। चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। इधर, पुलिस ने रोड पर युवक को एंबुलेंस से सीएचसी घाटमपुर भेजा, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई जयसिंह ने थाना सजेती में घटना की सूचना दर्ज कराई है।
इधर, घाटमपुर कस्बे के मूसानगर रोड पर चालक ने मैजिक गाड़ी बैक करते समय एक युवक को कुचल दिया। उसे गंभीर हालत में सीएचसी ले जाया गया जहां इलाज शुरू होने से पहले उसकी मौत हो गई। जानकारी होने पर बड़ी संख्या में लोग सीएचसी पहुंच गए।
कसबे के मोहल्ला पचखुरा निवासी नौशाद (20) पुत्र नफीस शनिवार की शाम करीब 5 बजे कसबे के जैतीपुर रोड के सामने खड़ा था। तभी, एक मैजिक चालक ने तेजी से गाड़ी बैक कर दी। जिसकी चपेट में आकर नौशाद गंभीर घायल हो गया। यह देखकर चालक मैजिक वहीं छोड़कर भाग निकला।
घायल को आनन-फानन सीएचसी पहुंचाया गया जहां डाक्टरों के इलाज शुरू करने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इधर, घटना की जानकारी मिलते नौशाद के परिजन और मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में सीएचसी पहुंच गए और हंगामा करने लगे। जानकारी होने पर सीओ शैलेंद्र कुमार सिंह पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया।