कानपुर में एक साथ दो पेंशन का गलत तरीके से लाभ लेने का मामला सामने आया है। जांच होने पर इस गोलमाल में तकरीबन 1024 महिलाओं के नाम सामने आए हैं, जिनमें से 735 महिलाओं ने समाजवादी और विधवा पेंशन उठाई है, जबकि 289 महिलाएं ऐसी हैं, जिन्होंने विधवा और वृद्धावस्था पेंशन एक साथ उठाई है।
बता दें मामले से पर्दा तब उठा जब बैंक की स्टेटमेंट खंगाली गई। अब इन लोगों को एक महीने का समय देकर एक योजना की पेंशन वापस लेने की तैयारी है। पिछले साल भी कई लोगों ने एक से अधिक पेंशन योजनाओं का लाभ एक साथ उठाया था। बता दें प्रदेश सरकार 500-500 रुपए महीना समाजवादी व वृद्धा पेंशन और 400 रुपए महीना विधवा पेंशन देती है। कोई भी पात्र एक ही पेंशन का लाभ उठा सकता है।
विकलांग एवं कल्याण विभाग में भी सेंधमारी
विकलांग एवं कल्याण विभाग और जिला प्रोबेशन पेंशन योजनाओं में भी लोगों ने सेंध लगा दी है। इन दोनों विभागों की योजनाओं में 400 से ज्यादा लोग ऐसे पकड़े गए हैं जो डबल पेंशन ले रहे हैं। इनके बैंक खातों के संचालन में रोक लगाई जा रही है।
मौत की तारीख बदल रहे
ऑनलाइन आवेदन की जांच में खुलासा हुआ कि कुछ लोगों ने मौत की तारीख भी बदल दी है। कई ऐसे आवेदन मिले हैं, जिनमें मृतक के बारे में पूरी जानकारी सही है लेकिन मौत की तिथियां अलग-अलग हैं।