फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिनभर की खरीदारी, आज बांधेंगी राखी

विज्ञापन
विज्ञापन
उन्नाव। भाई-बहन के प्यार का पर्व रक्षाबंधन आज सोमवार को मनाया जाएगा। बहनें अपने भाइयों की कलाई में राखी बांधेंगी तो भाई उनकी रक्षा करने का वचन देंगे। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर रविवार को बाजार खरीदारों से गुलजार रही। बंदी के दिन भी दुकानें खुलीं और लोगों ने जमकर खरीदारी की।
विज्ञापन


सोमवार को रक्षाबंधन का पर्व है। इसके चलते रविवार को लोगों ने राखी, मिठाई व अन्य चीजों की जमकर खरीदारी की। शहर के धवनरोड, बड़े चौराहे, छोटे चौराहे व अन्य प्रमुख बाजारों में खासी भीड़ रही। बहनों ने जहां भाइयों के लिए राखियां खरीदीं, वहीं भाई भी बहनों के लिए गिफ्ट खरीदते देखे गए। विश्वेश्वर मार्केट की गिफ्ट शॉपों में पुरुषों की भीड़ रही। बड़े चौराहे पर लाइन से राखी की दुकानें सजी थीं।

मिठाई दुकानों पर रही भीड़
उन्नाव (ब्यूरो)। शहर के अधिकांश मिठाई दुकानदारों ने पहले से ही मिठाई का स्टॉक कर लिया था। रविवार को बाहर तक स्टाल लगाकर दुकानदारों ने रंग-बिरंगी मिठाइयां सजाईं थी। देरशाम तक दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ रही। खोए की बर्फी व मिक्स मिठाई की मांग सबसे ज्यादा रही। गिनेचुने लोगों ने ही काजू की बर्फी की खरीदारी की।
विज्ञापन


ब्यूटी पार्लर भी भरे रहे
उन्नाव (ब्यूरो)। रक्षाबंधन पर्व को लेकर महिलाओं की भीड़ से शहर के ब्यूटी पार्लर भरे रहे। नव विवाहिताएं सजने-संवरने में आगे रहीं। ब्यूटी पार्लरों में पहुंचकर महिलाओं, युवतियों ने भी मेहंदी व फेशियल कराया।

वाहनों के लिए खूब हुई मारामारी
उन्नाव (ब्यूरो)। पर्व पर भाइयों के घर जाने को महिलाएं वाहनों के लिए भटकती रहीं। जो भी वाहन आए वह पहले से ही खासे भरे रहे। रेलवे व बस स्टेशन पर यात्रियों की खासी भीड़ रही।

चौराहों पर रहे जाम के हालात
उन्नाव (ब्यूरो)। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर बाजार में खरीदारों की भीड़ रही। मिठाई व राखी खरीदने के लिए बाजार पहुंचे लोगों ने अपने वाहन सड़क किनारे ही खड़े कर दिए। परिणाम यह हुआ कि शहर के छोटे चौराहे से लेकर बड़े चौराहे तक जाम की चपेट में रहे। वाहन धीमे-धीमे आगे बढ़ते रहे। जाम में फंसकर लोग बेहाल नजर आए।

चाइनीज राखियों के बहिष्कार की अपील
उन्नाव (ब्यूरो)। हिंदू जागरण मंच के प्रांतीय मंत्री व प्रभारी विमल द्विवेदी ने व्यापारियों व नागरिकों से चाइनीज राखियों व वस्तुओं के बहिष्कार की अपील की। कहा कि चीन लगातार धमकी दे रहा है। आम जनता द्वारा खरीदा और बेचा गया सामान चीन को व्यापारिक लाभ पहुंचाता है। ऐसे में जागरूक नागरिक चीन की वस्तुओं का उपयोग बंद करने का संकल्प लें और समाज के लोगों को जागरूक करें। इस दौरान मंच जिलाध्यक्ष अजय त्रिवेदी, नगर अध्यक्ष विकास सिंह सेंगर, नगर महामंत्री धर्मेंद्र शुक्ला, युवा प्रभारी मनीष अवस्थी, युवा प्रभारी नितेश तिवारी आदि मौजूद रहे।

ईश्वरीय विश्वविद्यालय में मनाया रक्षा पर्व
उन्नाव (ब्यूरो)। सिविल लाइन स्थित प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में रक्षापर्व मनाया गया। इस मौके पर सेवा केंद्र प्रभारी बीके कुसुम ने कहा कि कोई भी भाई भौतिक रीति से अपनी बहन की रक्षा करने में समर्थ नहीं है। यदि ऐसा होता तो समाज में नारी उत्पीड़न, दुष्कर्म और बलात्कार की घटनाएं नहीं होती। कहा कि वास्तव में रक्षाबंधन का संबंध आत्मिक स्नेह का है और बंधन मर्यादाओं का है।

इस अवसर पर सदर विधायक पंकज गुप्ता समेत अन्य को रक्षासूत्र बांधा गया। इस दौरान बीके रामपाल, डा. मानवेंद्र सिंह, रमेश त्रिवेदी, राजेश त्रिपाठी समेत अन्य लोग मौजूद रहे। उधर, बांगरमऊ नगर के ब्लाक रोड पर स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय केंद्र पर ब्रह्माकुमार और ब्रह्माकुमारियों ने रक्षाबंधन पर्व धूमधाम से मनाया। केंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी सरला बहन ने सभी लोगों को पवित्र रक्षासूत्र बांधा। उन्होंने सभी जिज्ञासु भाई-बहनों को विश्वविद्यालय माउंट आबू राजस्थान से भेजे गए ईश्वरी संदेश पढ़कर सुनाया। उमा कनौजिया, रामभेजी अस्थाना, सरोज यादव, माधुरी कुशवाहा, विमला यादव, सुमन यादव, पुष्पा, वीना, हरीस्वरूप, शिवशंकर व रमाशंकर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


शुभ मुहूर्त सुबह 10:30 बजे से
उन्नाव (ब्यूरो)। भिनकीपुर स्थित हनुमान मंदिर के आचार्य ब्रह्मचारी रामस्वरूपजी महाराज ने बताया इस बार रक्षाबंधन पर्व पर सूतक लगने और उसके पूर्व उदया तिथि में भद्राकाल होने से शुभ मुहूर्त का समय कम हो गया है। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन का पर्व भद्रारहित पूर्णिमा में करने का विधान है। रक्षाबंधन के दिन सोमवार को सुबह 10 बजकर 06 मिनट तक भद्रा है। भद्राकाल में यह पर्व मनाने पर दोष लगता है। भद्राकाल समाप्त होने पर सुबह 10:30 बजे से 1:59 मिनट तक ही राखी बांधने का योग है। उन्होंने बताया दोपहर 2 बजे से चंद्रग्रहण का सूतक लग जाएगा जो 9 घंटे तक रहेगा। इस दौरान सभी मंदिरों के पट बंद रहेंगे। चंद्रग्रहण रात्रि 10:53 बजे से शुरू होगा। इसका मोक्ष 12:48 बजे होगा।
विज्ञापन



-रक्षाबंधन से एक दिन पहले रविवार को भी खुली दुकानें, रही चहलपहल
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें