खड़िनी(कन्नौज)। दो दिन पहले नहर में मछली पकड़ने गया युवक डूब गया। सोमवार को उसका शव इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के जिनौठी के पास नहर में मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
चौकी इलाके के ग्राम नगला बक्स निवासी राकेश चंद्र का बेटा नीरज (30) रविवार को मछली पकड़ने निचली गंग नहर गया था। दो दिन तक वह नहीं लौटा। परिजनों ने नहर के किनारे सहित आसपास के इलाके में तलाश किया। पता नहीं चल सका। मंगलवार को शव इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के जिनौठी गांव स्थित गोशाला के सामने नहर में झाड़ियों के बीच फंसा देखा गया। शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। इस बीच इंदरगढ़ थाना पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। ग्राम प्रधान सर्वेश शाक्य ने बताया कि मृतक तीन भाई हैं।
मां के बाद पिता का भी उठा साया
नीरज की शादी लगभग सात साल पहले रीतू के साथ हुई थी। सिद्धी व सोनाक्षी दो बेटियां है। बीमारी के चलते रीतू की मृत्यु हो चुकी है। दोनों बेटियाें ने अभी होश भी नहीं संभाल पाया था कि सिर से पिता का साया उठ गया। पिता के शव पर दोनों का रो रोकर हाल बेहाल रहा। इससे पहले नीरज के पिता राकेश चंद्र की साल 2004 में मौत हो चुकी है।