छिबरामऊ। ईंट-भट्ठे पर जा रहे युवक की बाइक में तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को 100 शैया अस्पताल से राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया गया।
क्षेत्र के ग्राम सराय सुंदर निवासी आनंद दुबे (32) बाइक से ईंट-भट्ठे पर जा रहे थे। जैसे ही वह जीटी रोड पर जेएसआईटीएम के सामने पहुंचे, तभी गुरसहायगंज की ओर जा रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में आनंद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई और टक्कर मारने वाले युवक को पकड़ लिया। दोनों को 100 शैया अस्पताल लाया गया। आनंद के भाई अभय दुबे ने बताया कि अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर भाई को टक्कर मारने वाले युवक ने उसको गार्ड के डंडे से जमकर पीटा और बाद में भाग गया। आनंद को 100 शैया अस्पताल से प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया गया।