कन्नौज। कटहल के पेड़ पर पत्ता तोड़ने के लिए चढ़ा किशोर एचटी लाइन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया तो पुलिस ने उन्हें शव सौंप दिया।
सदर कोतवाली के मानीमऊ चौकी क्षेत्र के तारमऊगढ़ी गांव निवासी विनीत कश्यप का 16 वर्षीय बेटा आकाश कश्यप कक्षा नौ का छात्र था। बुधवार की दोपहर वह मवेशियों के लिए पत्ता तोड़ने के लिए खेत की ओर गया था। बताया जा रहा है कि कटहल के पेड़ पर चढ़कर पत्ता तोड़ रहा था। तभी पास से गुजरी एचटी लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना मोचीपुर फीडर के जेई महावीर को देकर सप्लाई बंद कराई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजन व ग्रामीण युवक को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने चेकअप करने के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर से परिजनों में कोहरा मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घर लेकर चले गए। गांव के ही हर्षित कटियार ने बताया कि खेत से बिजली का तार निकला है। जिसकी चपेट में आकर आकाश की मौत हो गई। बताया कि चार साल से लाइनमैन व जेई से झूलते हुए तारों की मरम्मत करने के लिए शिकायत की गई थी, पर अनदेखी की गई। चौकी प्रभारी अमित पोरवाल ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। पंचायतनामा भरने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।