फोटो :30: ऋषि की फाइल फोटो।
फोटो :31: ग्रामीणों से बातचीत करते कोतवाल संजय कुमार शुक्ला। संवाद
-परिजनों ने भूमि विवाद में हत्या का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
तिर्वा। ठठिया क्षेत्र में दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया। युवक के परिजनों ने भूमि विवाद के चलते जान बूझकर टक्कर मारकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया और परिजन शव लेकर गांव पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को शव का पोस्टमार्टम कराने से रोक दिया।
तिर्वा क्षेत्र के किनौरा गांव निवासी ऋषि कुमार (19) मूल रूप से ठठिया क्षेत्र के सुल्तानापुर गांव का रहने वाला था। ऋषि कुमार गुरुग्राम में काम करता था और चार दिन पहले ही गांव आया था। सोमवार को ऋषि छोटे भाई अंश (17) के साथ बाइक से खेत देखने जा रहा था।
ठठिया क्षेत्र के हरिजनपुरवा गांव के पास पीछे से आ रही बाइक ने ऋषि की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने ऋषि कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि अंश का इलाज जारी है।
हादसे की जानकारी पर परिजनों में चीख पुकार मच गई। परिजन शव लेकर किनौरा गांव पहुंच गए। पिता सुरेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि पास के गांव के कुछ लोगों से उनका भूमि विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने जान बूझकर बाइक में टक्कर मारकर बेटे की हत्या की है। उन्होंने बताया कि घायल बेटे अंश ने आरोपियों की पहचान भी कर ली है।
पिता ने चार नामजद समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। उनका कहना है कि आरोपी पहले भी कई बार जानमाल की धमकी दे चुके थे। वहीं, परिजनों ने कार्रवाई की मांग कर शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। कोतवाल संजय कुमार शुक्ला ने गांव पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।