फोटो :20: कब्जा मुक्त कराई गई जमीन की खाई खुदवाती राजस्व टीम। संवाद
-पशुचर भूमि पर कुछ लोगों ने कर रखा था कब्जा
संवाद न्यूज एजेंसी
छिबरामऊ। सकरावा ग्राम सभा में राजस्व टीम ने पशुचर खाते में दर्ज 66 बीघा सरकारी जमीन से कब्जे हटवा दिए। जमीन की अनुमानित बाजार कीमत 158 करोड़ 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसडीएम ज्ञानेंद्र द्विवेदी तथा तहसीलदार अभिनव वर्मा के सख्त निर्देशों पर राजस्व विभाग की टीम सोमवार को ग्राम सभा सकरावा पहुंची। ग्राम प्रधान बंटू शाक्य की मौजूदगी में लेखपाल औरंगजेब ने पुलिस के साथ मिलकर जमीन की पैमाइश कराकर फसलों को हटाकर जमीन को प्रशासन के नियंत्रण में ले लिया।
प्रशासन ने जमीन को दोबारा कब्जे से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। जेसीबी मशीनों से 66 बीघा जमीन के चारों तरफ गहरी खाई खोदवाई जा रही है ताकि कोई भी वाहन या व्यक्ति आसानी से प्रवेश न कर सके। इस पूरी जमीन को अब वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है जहां जल्द ही बड़े पैमाने पर पौधारोपण कराया जाएगा।
एसडीएम ने कहा कि अगर भविष्य में किसी ने भी सरकारी जमीन पर दोबारा पैर रखने या अवैध कब्जा करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ भू-माफिया एक्ट और गैंगस्टर के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।