थानाक्षेत्र के मवइया में किसी बात से क्षुब्ध होकर तीन दिन पहले एक विवाहिता ने जहर खा लिया। कानपुर के एक नर्सिंग होम में इलाज के दौरान मंगलवार शाम विवाहिता की मौत हो गई। शव ससुराल पहुंचते ही मायके पक्ष के लोगों जहर खिलाकर दहेज हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मृतका की मां ने थाने में दहेज हत्या की तहरीर दी है। वहीं ससुरालीजन आत्महत्या बता रहे हैं।
मवइया गांव निवासी अमित उर्फ नाहर सिंह की पत्नी रचना उर्फ पूजा (26) ने रविवार को किसी बात से नाराज होकर जहर खा लिया था। ससुरालीजन गंभीर हालत में उसे ताहपुर के एक डाक्टर के पास उपचार के लिए ले गए। जहां हालत में सुधार न होने पर उसे गुरसहायगंज अस्पताल में भर्ती कराया। कई घंटे इलाज के बाद सुधार न होने पर सोमवार को कानपुर के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां मंगलवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
विवाहिता के परिजनों ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। थाना ठठिया के दहलेपुरवा निवासी माया देवी पत्नी कमलेश ने बताया कि उसने अपनी पुत्री पूजा उर्फ रचना की शादी 16 जून 2010 को थाना तालग्राम के मवइया निवासी अमित पुत्र रामसिंह के साथ की थी। शादी के कुछ दिन बाद से ससुरालीजन उसकी पुत्री को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। अमित शराब के नशे अक्सर रचना के साथ मारपीट करता था। पिछले मंगलवार को ससुरालीजनों ने उसकी पुत्री को जहर खिला दिया।
देर शाम तक मृतका का पिता कमलेश गांव नहीं पहुंच सका था। इसके कारण शव का अंतिम संस्कार नहीं हो सका है। थानाध्यक्ष मोहम्मद अनवर अहमद ने बताया कि उन्हें अभी तक तहरीर नहीं मिली है। मायके पक्ष की ओर से तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिर भी चौकी प्रभारी अमोलर को जांच के लिए घटनास्थल पर भेजा जा रहा है।