कन्नौज। दो बेटियां पैदा होने पर बीवी को मायके में छोड़ दिया। किशोरी का अपहरण कर दूसरी बीवी बना लिया। ससुराल गई बीवी के साथ मारपीट कर तलाक दे दिया। थाने में सुनवाई न होने पर महिला ने एसपी से शिकायत की है। एसपी के आदेश पर पुलिस ने पांच ससुरालीजनों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जसौली निवासी हूरबानो ने बताया कि उसकी शादी पांच वर्ष पूर्व ठठिया थाना क्षेत्र के जैनपुर निवासी हसीब के साथ हुई थी। दो बेटियां हैं। बेटियों के पैदा होने के बाद पति हसीब, ससुर जब्बार, सास काहिरा बेगम, ननद निदा और देवर हसीम मारपीट करने लगे। दस माह पूर्व पति 15 दिन में ले जाने की बात कहकर मायके छोड़ गए।
इस बीच पति हसीब ने बक्सपुर्वा की पंद्रह साल की किशोरी का अपहरण कर दूसरी बेगम के रूप में रख लिया। किशोरी की मां ने 10 दिन पूर्व कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हूरबानो मां के साथ ससुराल गईं। पति हसीब ने मारपीट कर तलाक दे दिया। आरोप है कि ठठिया थाने में सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।