छिबरामऊ(कन्नौज)। सड़क कि नारे शव मिलने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इलाज के दौरान मौत होने के बाद अस्पताल कर्मियों ने शव फेेंका था। खुद को बचाने के लिए बोलेरो से आए युवकों पर शव फेंककर भाग जाने का आरोप लगाया गया था।
नगर के फर्रुखाबाद रोड स्थित निजी अस्पताल में ट्रक चालक वीरेंद्र श्रीवास्तव(46) निवासी ग्राम अताल्कना, नगला पंथ, जनपद मैनपुरी को पेट में दर्द होने पर भर्ती कराया गया था। ट्रक मालिक ने भर्ती कराया था। अस्पताल प्रशासन ने उपचार शुरू किया। इस दौरान वीरेंद्र की मौत हो गई। इससे ट्रक मालिक के हाथ-पैर फूल गए। वह भाग गया। अस्पताल प्रशासन ने ट्रक चालक के शव को बाहर फेंक दिया। बचने के लिए फर्रुखाबाद की ओर से बोलेरो लेकर आने वालाें पर शव फेंकने का आरोप लगा दिया।
पुलिस की जांच में हकीकत का खुलासा हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कोतवाल जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।