मानीमऊ। मुआवजा नहीं मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा कर जीटी रोड चौड़ीकरण का कार्य बंद करा दिया। एनएचआई के अधिकारियों से ग्रामीणों की नोकझोंक हुई। जानकारी मिलते ही पुलिस बल के साथ पहुंचे एसडीएम ने ग्रामीणों को शांत कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया।
जिले में जीटी रोड चौड़ीकरण का निर्माण कार्य चल रहा है। सदर ब्लाक के पंचमपुर सकरी खुर्द गांव में रहने वाले 29 ग्रामीणों के मकान और दुकानें चौड़ीकरण की जद में है। शनिवार को एनएचआई के अधिकारियों ने घरों और दुकानों को बुलडोजर से तोड़कर चौड़ीकरण का कार्य शुरू कराया तो ग्रामीण भड़क गए। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। इससे वह लोग दुकानों और घरों को टूटने नहीं देंगे।
ग्रामीणों की एनएचआई के अधिकारियों और इंजीनियरों से ग्रामीणों की कहासुनी हुई। हंगामे की सूचना पर एसडीएम सदर उमाकांत तिवारी, कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने ग्रामीणों को शांत कराते हुए जल्द मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर चौड़ीकरण कार्य शुरू कराया। एसडीएम ने बताया कि कुछ ग्रामीणों को मुआवजा तकनीकी कमी के चलते नहीं मिला है। जल्द उन्हें इसका भुगतान करा दिया जाएगा।