तिर्वा(कन्नौज)। बच्चे को स्कूल से लेने जा रही महिला को गुमराह कर बाइक सवार दो बाबाओं ने जेवर और नगदी झटक ली। इसके बाद दोनों भाग निकले। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की है।
कस्बे के अशोक नगर निवासी कमलेश कुमारी पत्नी विनोद यादव सोमवार दोपहर मालती देवी इंटर कालेज से नाती को लेने जा रही थीं। रास्ते में बाइक सवार दो बाबा मिल गए। कमलेश ने बताया कि बाबा ने कहा कि तीन माह में तुम्हारे पुत्र की मौत हो जाएगी। यह सुनकर वह घबरा गईं। इनसे निराकरण पूछा।
बाबाओं ने देवी शृंगार के साथ पूजा करने के लिए कहा। इस पर घर से चोरी छिपे बिना किसी को बताए 13 हजार रुपये दे दिए। रुपये लेने के बाद इन्होंने जेवर शुद्ध करने के लिए उतारने को कहा। इनकी बातों में आकर चेन, झुमकी, अंगूठी उतार कर दे दी। इनकी कीमत करीब तीन लाख है। इसके बाद बाबाओं ने देवी मां के पैर छूने के लिए मंदिर भेजा। यहां से वापस आईं तो दोनों बाबा नहीं थे। इस पर डायल 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। सीओ दीपक दुबे ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।