संयुक्त जिला चिकित्सालय कन्नौज।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज/ तालग्राम। बुखार से तालग्राम इलाके में किसान समेत तीन की मौत हो गई। अब जिले में बुखार से मरने वालों की संख्या 93 हो गई है। वहीं राजकीय मेडिकल कालेज से आई एलाइजा जांच रिपोर्ट में डेंगू के 20 मरीज मिले हैं। रैपिड टेस्ट किट से जांच में दो मरीजों के डेंगू पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई।
तालग्र्राम थाना इलाके के मवैइया गांव निवासी अवधेशचंद्र(40) खेती करते थे। यह 15 दिन पहले बुखार की चपेट में आ गए। परिजन इन्हें गुरसहायगंज लेकर पहुंचे। यहां से डॉक्टर ने फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। हालत बिगड़ने पर रविवार को कानपुर के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। इलाज के दौरान मंगलवार रात मौत हो गई। शव घर आते ही कोहराम मच गया। पत्नी मनोज कुमारी ने बताया कि डॉक्टरों ने डेंगू की पुष्टि की थी। दो बेटे नितेश, निर्दोष और एक बेटी नीतू है।
वहीं नौसरा निवासी अरविंद कुमार शाक्य सरकारी भवन निर्माण की ठेकेदारी करते हैं। इनकी गर्भवती पत्नी अर्चना (36) करीब 20 दिन से बुखार से पीड़ित थीं। जांच में डेंगू निकला। लखनऊ के नर्सिंग होम में बुधवार सुबह मौत हो गई। अरविंद ने बताया कि तीन बेटियां हैं।
बिदीपुर्वा गांव निवासी शांती देवी (58) पत्नी रामवीर तीन दिन पहले बुखार की चपेट में आ गई थीं। खून की जांच में प्लेटलेट्स डाउन होने से डॉक्टर ने डेंगू की पुष्टि की। इलाज के दौरान मंगलवार देर शाम गुरसहायगंज के नर्सिंग होम में मौत हो गई। बेटे छोटेलाल ने बताया कि वह तीन भाई हैं। पिता रामवीर की एक साल पहले एक्सीडेंट से मौत हो गई थी।