सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव तिखवा में सोमवार को
शराब पीने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं आठ लोग बीमार हैं। मृतक के
परिजनों का आरोप है कि शराब जहरीली थी, जो चुनाव के वक्त बांटी गई थी। इस
गांव में दो दिन पहले भी एक युवक की मौत हो चुकी है।
सूचना पाकर मौके
पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। उधर, अब तक संदिग्ध परिस्थितियों
में आठ लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस घटना के बाद तिखवा में कोहराम मचा हुआ
है। ज्ञात हो कि दो दिन पहले तिखवा निवासी विनोद पुत्र घसीटे दिवाकर की भी
मौत हो चुकी है।
मिली जानकारी के अनुसार, तिखवा गांव निवासी रामबाबू (35)
पुत्र लज्जाराम दोहरे खेतीबाड़ी व मेहनत मजदूरी करके परिवार का पेट पालते
हैं। रविवार की रात उनकी हालत बिगड़ गई। उसने सीने व पेट में दर्द व आंखों
से दिखाई न पड़ने की शिकायत की। परिवार वाले उसे निजी चिकित्सक के पास ले
गए।
इलाज के बाद भी हालत ठीक न होने पर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां
डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गांव के प्रभात दोहरे (32) पुत्र
दयाराम, नत्थू (50) पुत्र मोहन, लवकुश कठेरिया (48) पुत्र भजनलाल, फरीद
(40) पुत्र कमरुद्दीन भी बीमार हैं। बीमार रियासत (55) पुत्र महताब को जिला
अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इनमें से लवकुश, प्रभात एवं नत्थू कानपुर
में इलाज करा रहे हैं। रामबाबू की बुआ गीता रानी ने बताया कि चुनाव लड़ने
वाले अधिकतर प्रत्याशियों ने मतदान से पहले शराब बंटवाई थी। ज्यादा शराब
बंटने के कारण लोगों ने स्टाक करके रख ली। रामबाबू ने भी चुनाव में बांटी
गई शराब पी ली, जिससे उसकी हालत खराब हुई।
यह शराब जहरीली थी। घटना की
सूचना पर सपा के सदर विधायक अनिल दोहरे, संजू कटियार, संतोष शर्मा, बिल्लू
कटियार, कुट्टू पांडेय, बापूनरेश कटियार, सरवर अली, बृजेश कटियार आदि तिखवा
पहुंचे और रामबाबू के परिजनों से मुलाकात कर शोक जता हरसंभव मदद का भरोसा
दिलाया।
उधर, जिला पुलिस प्रशासन के अफसर अभी तक तीन गांवों में संदिग्ध
परिस्थितियों में हो चुकीं आठ मौतों के मामले में गोलमोल ही जवाब दे रहे
हैं। अभी तक किसी भी स्तर से जहरीली शराब से मौत होने की पुष्टि नहीं की जा
रही और हर ग्रामीण की मौत को कहीं बीमारी से तो कहीं अन्य मामलों से
जोड़कर बताया जा रहा है, जबकि ग्रामीणों समेत मृतकों और बीमार चल रहे लोग
चीख-चीख कर एक प्रत्याशी द्वारा बांटी गईं शराब के पीने के बाद हुई मौतों
की बात कह रहे हैं।