सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव मानपुर में मामूली विवाद
को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले, जिससे चार
महिलाओं समेत नौ लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर
जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के लिए भर्ती कराया।
मानपुर गांव में
बीते दो दिनों से सुभाष चंद्र कटियार व उपेंद्र कटियार के बीच तनातनी की
स्थिति बनी हुई थी। रविवार की सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। गालीगलौच
के साथ मारपीट शुरू हो गई। एक-दूसरे के ऊपर लाठी-डंडे बरसाने शुरू कर दिए।
जब तक गांव के लोग कुछ समझ पाते, तब तक एक पक्ष के उपेंद्र, शीला, अदित व
राजीव और दूसरे पक्ष के सुभाष चंद्र कटियार, शोभित उर्फ कल्लू, सुधा, डिंपी
व रूपाली घायल हो गए। दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे। यहां एक-दूसरे के खिलाफ
तहरीर दी गईं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। इस घटना को लेकर
गांव में काफी देर तक अफरातफरी मची रही।