छिबरामऊ(कन्नौज)। नगर के सौ शय्या अस्पताल के पैरा मेडिकल स्टॉफ पर सेवा समाप्ति की तलवार लटक गई है। 30 सितंबर को पैरामेडिकल स्टॉफ की सेवा प्रदाता कंपनी अवनी परिधि का टेंडर खत्म हो चुका है। अब यहां के पैरामेडिकल स्टॉफ को टेंडर लेने वाली गाजियाबाद की एसएम इंटरप्राइजेज कंपनी से संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंगलवार को सीएमएस डॉ. राजेश कुमार तिवारी ने अस्पताल के पैरा मेडिकल स्टॉफ के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि जैम पोर्टल पर पैरामेडिकल स्टॉफ की भर्ती के टेंडर डाले गए थे। वह खुल चुके हैं। टेंडर गाजियाबाद की एसएम इंटरप्राइजेज कंपनी को मिला है। अस्पताल में कार्यरत पैरामेडिकल स्टॉफ की सेवा प्रदाता कंपनी अवनी परिधि का टेंडर 30 सितंबर को समाप्त हो चुका है। अस्पताल में कार्यरत पैरामेडिकल स्टॉफ को नई सेवा प्रदाता कंपनी को मेल, फोन से संपर्क कर प्रपत्र कंपनी के पास भेजने होंगे। साक्षात्कार होगा। वर्तमान में अस्पताल में 27 मेल व फीमेल स्टॉफ नर्स, दो वार्ड ब्वाय, सात अर्दली तैनात हैं। बैठक में स्टॉफ नर्स बबली, आरती, वंदना, रंजना, अमित, अगम, राहुल, सुनील मिश्रा व अभिजीत सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।
सेवा प्रदाता कंपनी करेगी 45 पदों पर भर्ती
नई सेवा प्रदाता कंपनी एसएम इंटरप्राइजेज सौ शय्या अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर अटेंडेंट, लैब अटेंडेंट, माली, कहार, इलेक्ट्रीशियन कम जेनरेटर ऑपरेटर, धोबी व प्लंबर की एक-एक, वार्ड ब्वाय/आया की तीन, स्टॉफ नर्स की 15, अर्दली, चपरासी व स्वीपर के दस-दस सहित 45 पदों पर भर्ती करेगी।