कन्नौज। नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे खड़ी बोलेरो में पीछे से आ रहे लोडर ने शुक्रवार को टक्कर मार दी। पुलिस सुबह लोडर व बोलेरो को मानीमऊ चौकी ले गई। पुलिस ने अभी तक कार्रवाई नहीं की है। वहीं, लोडर चालक ने पुलिस पर समझौता कराने के नाम पर रुपये मांगने का आरोप लगाया है।
मानीमऊ क्षेत्र के एक कोल्डस्टोरेज के पास बोलेरो को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो सवार लोग इलाज के लिए चले गए। बोलेरो सड़क पर ही खड़ी रही। रात तीन बजे घने कोहरे में गंजडुंड़वारा से शकरकंद लेकर कानपुर जा रहे लोडर ने पीछे से बोलेरो में टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। सुबह मानीमऊ पुलिस दोनों वाहनों को चौकी ले गई। लोडर चालक वेदराम का कहना है कि घने कोहरे के कारण पहले से सड़क पर खड़ी बोलेरो में पीछे से टक्कर हो गई। बोलेरो की किसी ट्रक से टक्कर हो गई थी। गाड़ी सड़क पर खड़ी थी जिसे हटाया नहीं गया। चौकी इंचार्ज आलोक सिंह का कहना है कि लोडर ने बोलेरो के पीछे से टक्कर मारी है। पीछे से टक्कर लगने से आगे वाहन से टकरा गई। किसी से रुपये नहीं मांगे गए हैं। सीओ सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि घटना की जांच सदर कोतवाल को दी गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।