ग्राम प्रधान व जिला पंचायत सदस्य पद के नामांकन के
लिए नामांकन प्रपत्रों की बिक्री व जमानत राशि जमा होने की कवायद सदर विकास
खंड में शुरू हो गई। पहले दिन व्यवस्थाएं अस्तव्यस्त रही। तमाम असरदार
दावेदार कमरे के अंदर घुसकर वहीं पर प्रपत्र लेने का दबाव डालने लगे। वहीं
सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से राम भरोसे रही।
दोपहर डेढ़ बजे तक आरओ के
कक्ष में भी ताला लटकता नजर आया। सदर ब्लाक में बीडीओ साधना दीक्षित ने
बताया कि सचिव राजीव दीक्षित, विमल दुबे, विमलेश, विनीत, देवेंद्र पाल,
दिनेश यादव, योगेंद्र सिंह, किशनपाल, अशोक कुमार, मुकेश कुमार, तकनीकी
सहायक विजय, रामतीर्थ आदि की ड्यूटी लगाई गई है।
वहीं एडीओ पंचायत रामअनंत
यादव और एडीओ आईएसबी राजेश दुबे ने पूरे दिन व्यवस्थाएं दुरुस्त कराईं।
कमरे के अंदर घुसे लोगों को बाहर निकाला और लाइन में लगकर प्रपत्र लेने व
जमानत राशि जमा करने के लिए कहा। इसके बावजूद लोग नहीं माने। पुलिस महकमे
की ओर से सुरक्षा में भी सुस्ती बरती गई।
दोपहर के वक्त कोई भी सुरक्षा
कर्मी ब्लाक परिसर में नजर नहीं आया। इस कारण लाइन भी बेतरतीब रही। खिड़की
के पास लोग झुंड लगाकर पहले प्रपत्र लेने के लिए धक्कामुक्की करते रहे। उधर,
सदर कन्नौज ब्लाक क्षेत्र में प्रधान पद का चुनाव लड़ने वाले 220
उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदे।
पहले दिन भारी संख्या में नामांकन पत्र
बिके। ब्लॉक में जमघट लगा रहा। त्योहार निपटने का कई संभावित उम्मीदवार
पहले से ही इंतजार कर रहे थे। जैसे ही नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हुई,
उम्मीदवार ब्लॉक पहुंच गए। शनिवार को नामांकन पत्र और अधिक बिकने की उम्मीद
है।