कन्नौज। जिले में डेंगू का डंक थम नहीं रहा है। रविवार को डेंगू के 13 मामले मिले। इनको मिलाकर जिले में डेंगू मरीजों की संख्या 74 पहुंच गई है। कई गांव में स्वास्थ्य टीम कैंप लगाकर मरीजों का उपचार कर रहीं हैं। गांव में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है।
जिले में कोरोना संक्रमण थमने के बाद डेंगू ने पैर पसार लिया है। तकरीबन हर दिन डेंगू के मरीज मिल रहे हैं। शहर हो या गांव सभी जगह डेंगू मरीजों की संख्या बढ़ रही है। रविवार को जिले में डेंगू के 13 नए मामले मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की मुश्किलें अधिक होती जा रही हैं। इसी को देखते हुए सीएमओ डॉ. विनोद कुमार ने अवकाश के दिन रविवार को भी कार्यालय खोल कर जांच की।
डेंगू के नोडल अधिकारी हों या अन्य डॉक्टर सभी ने कैंप लगाकर मरीजों का उपचार किया। जिला अस्पताल में रविवार को भी इमरजेंसी में बुखार के 10 मरीज पहुंचे। इनकी जांच तो नहीं हुई पर इनका उपचार किया गया। सोमवार को मरीज की डेंगू समेत अन्य जांचें कराने के लिए लिखा गया।
रविवार को शहर के मोहल्ले शेखाना, काजीपुरा टीला, ग्वाल मैदान, कांशीराम कलोनी, गौरीशंकर के अलावा तिखवा, दाईपुर, चिंतामणि में डेंगू के रोगी मिल चुके हैं। लगातार गांव और शहर के मोहल्लों में डेंगू के मरीज बढ़ रहे हैं। विभाग ने डेंगू प्रभावित तिखवा, अहमदपुर रौनी, मढ़हरपुर, गौरियापुर, सौसरापुर समेत कई अन्य गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीमों को भेज कर कैंप लगवाया है। यहां घर-घर मरीजों की खोज कराई गई। जो भी बुखार, खांसी, जुकाम से पीड़ित मिला, उसकी जांच कराई गई। इसके बाद उसे मौके पर ही दवा दी गई।