छिबरामऊ (कन्नौज)। नगर के सौ शय्या संयुक्त चिकित्सालय में सिरिंज, इंजेक्शन और ग्लूकोज की बोतलों की किल्लत है। अस्पताल में आने वाले मरीजों को मेडिकल स्टोर से सिरिंज खरीदनी पड़ रही हैं।
सौ शय्या संयुक्त चिकित्सालय में उपचार कराने के लिए आने वाले मरीजों को इंजेक्शन, सिरिंज व ग्लूकोज की बोतलों की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। अस्पताल में दो एमएल की कुछ ही सिरिंज बची हैं। इनसे मरीज को दो या तीन बार में दवा दी जा रही है। एक बार में दवा लेने के लिए मरीज को बाहर के मेडिकल स्टोर से सिरिंज खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। एनएस और आरएल की बोतलों के अलावा एक ग्राम के एंटी बायोटिक इंजेक्शन भी स्टॉक से नदारद हैं।
डेंगू के उपचार में रामबाण मानी जाने वाली हिमाक्सिल भी काफी समय से नहीं है। इस संबंध में सीएमएस डॉ. राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि डिमांड भेज दी गई है। बुधवार सुबह तक दवाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी।