चाचा नेहरू की 125वीं जयंती पर जेबीजी नेशनल कालेज
में बच्चों ने धूमधाम से बाल दिवस मनाया। कालेज में स्टाल लगाकर बच्चों ने
चाट पकौड़ी आदि की जमकर बिक्री की। वहीं नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में कई
विद्यालयों के तो ताले तक नहीं खुले।
दीपावली के अवकाश के चलते लोग चाचा
नेहरू के जन्मदिवस को ही भूल गए। बाल मेला का उद्घाटन करते हुए प्रबंधक
एहत शामुद्दीन ने पंडित नेहरू के जीवन और उनके आदर्शों का उल्लेख करते हुए
कहा कि नेहरू जी बच्चों से बहुत प्यार करते थे। उनके अनुसार, आज के बच्चे
ही देश का भविष्य हैं, लिहाजा बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद आदि में भी
भाग लेना चाहिए।
बाल मेला में कक्षा एक के छात्रों ने पेस्ट्री, कक्षा दो
के छात्रों ने फ्रूट पाट, कक्षा तीन के छात्रों ने दही बड़ा, कक्षा चार के
छात्रों ने किराना स्टोर, कक्षा पांच के छात्रों ने भेलपूड़ी और पानी पूरी,
कक्षा छह व सात के छात्रों ने चने व पानी पूरी, कक्षा आठ व नौ के छात्रों
ने पापड़ी, पेटीज, पकौड़ी, काला जाम और छेना रसगुल्ला की दुकानें लगाईं।
निर्णायक मंडल ने अच्छे स्टाल लगाने वाले बच्चों की सूची बनाई। इन सभी को
प्रबंधक ने पुरस्कृत किया। इस दौरान रुकसार, पूजा, दीपशिखा, दीपिका,
अभिषेक तिवारी, चंदन सिद्दीकी, मुकीम सिद्दीकी और सलमान खान आदि टीचर मौजूद
थे। उधर, आशा पब्लिक स्कूल में भी बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया।
बच्चों
ने प्रतियोगिताओं में भाग लेकर प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस मौके पर
प्रबंधक सची दीक्षित, प्रधानाचार्य मुकेश डेविड एवं उप प्रधानाचार्य अर्पणा
अवस्थी समेत समस्त टीचर मौजूद थे। उधर, सौरिख कस्बे के नेहरू नर्सरी स्कूल
में चाचा नेहरू के जन्मदिवस पर बच्चों ने जमकर धमाल मचाया।
बाल मेले का
आयोजन कर चाट-पकौड़ी और मिठाइयों का लुत्फ लिया। इस दौरान प्रधानाचार्य
महेंद्र सिंह पाल, मीरा दुबे, सैजल, प्रीती शाक्य, दीपा यादव, अमन यादव,
राजन सैनी, अमित शाक्य, रूपम चतुर्वेदी, रणवीर आदि मौजूद थे।