दो माह से लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ कई मोहल्ले के लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों ने उच्चाधिकारियों से इस समस्या से शीघ्र निजात दिलाने की मांग की है। लकड़ी मंडी के आगे मोहल्ला गनेशचौधरी तिराहा के पास रखे ट्रांसफार्मर में पिछले दो माह से आई तकनीकी गड़बड़ी के चलते उससे जुड़े मोहल्ले के लोग वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं।
इस ट्रांसफार्मर से इब्राहिमगंज, ताजपुर रोड, नेहरूनगर, सुभाषनगर के अलावा कई अन्य मोहल्लों में भी बिजली आपूर्ति दी जाती है। मोहल्ले के पिंकू, सोनू, हलीम, समीम, विमल, दीपू, शमसुलहक और संतोष कुमार ने बताया कि वह लोग पिछले महीने इस समस्या से निजात दिलाए जाने को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों को पत्र सौंपा था, लेकिन उनकी इस समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। दो माह बीत जाने के बाद भी उनकी समस्या जस की तस बनी हुई है।
लो-वोल्टेज की समस्या से घरों में मोटरें तक नहीं चल पाती हैं। इससे उन लोगों को पीने के पानी की भी समस्या झेलनी पड़ती है। मोहल्ले के विपिन, कासिम, हासिम, शकील, राजू, बली मोहम्मद, आजाद, नरेशचंद्र बाथम आदि लोगों ने बताया कि कभी-कभी तो अचानक हाई-वोल्टेज आ जाते हैं। इसके चलते कई बार तो घरेलू उपकरण तक फुंक गए। समस्या का समाधान न होते देख मोहल्ले के लोगों का सब्र टूट गया।
शनिवार को आक्रोशित लोगों ने ट्रांसफार्मर के पास खड़े होकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। वह लोग समस्या के समाधान की मांग कर रहे थे। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस समस्या से निजात न दिलाई गई तो वह लोग बिजलीघर में प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।