नये तालग्राम ब्लाक में नौ न्याय पंचायत और जुडे़ंगी। जिला विकास अधिकारी एके वैश्य ने पूरा खाका तैयार कर प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। नए ब्लाक में तालग्राम की दो और छिबरामऊ की सात न्याय पंचायतें जोड़ीं जाएंगी। जानकारी के मुताबिक विकास खंड तालग्राम के नाम से होने के बावजूद तेजा जाकेट में ब्लाक मुख्यालय बना है। इससे क्षेत्रीय लोगों को ब्लाक तक पहुंचने में परेशानी हो रही थी। दो साल पहले ब्लाक विभाजन की मांग ने जोर पकड़ लिया था।
तालग्राम के चेयरमैन दिनेश सिंह यादव ने नगर पंचायत से ब्लाक विभाजन का प्रस्ताव पास कराकर सीएम को भेजा और कई पत्र भी लिखे। 27 मई 2016 को सीएम को संबोधित पत्र देकर चेयरमैन ने तेराजाकेट व तालग्राम की दूरी 10 किलोमीटर होने के कारण जनता की परेशानी दिखाई थी, जिसके कारण शासन की योजनाओं का लाभ भी जनता को ठीक ढंग से नहीं मिल रहा था। इसको देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी एके वैश्य ने नया प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। इसमें अधिकारियों की भी मांग की गई है।