फीरोजाबाद से मैनपुरी लौट रहा युवक रोडवेज बस में
जहरखुरानी का शिकार हो गया। बस परिचालक ने बेहोशी की हालत उसे रोडवेज बस
स्टैंड के पास उतार कर चला गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे अस्पताल
में भर्ती कराया।
मिली जानकारी के अनुसार, मैनपुरी के मोहल्ला गाड़ीवान
निवासी वीरेंद्र कुमार सक्सेना का बेटा मोहित (21) फीरोजाबाद में रह रही
अपनी बहन के यहां गया था। शुक्रवार को वह वापस अपने घर लौट रहा था। उसने
फीरोजाबाद से रोडवेज बस से मैनपुरी के लिए बैठा। रास्ते में उसके साथ बैठे
जहरखुरानी गिरोह के सदस्य ने उससे बातों-बातों में दोस्ती गांठ ली।
इसके
बाद उसे कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया। जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद
जहरखुरान उसकी जेब से 25 हजार रुपये, दो मोबाइल सहित उसका बैग लूट ले गए।
बेहोशी की हालत में वह बस की सीट पर पड़ा रहा। बेवर निकलने के बाद
कंडक्टर ने जब यात्रियों की गिनती की तो एक यात्री की संख्या ज्यादा थी।
उसने चेक किया तो उसे बस की सीट पर बेहोश पड़ा दिखा। इसके बाद परिचालक ने
उसे नगर के रोडवेज बस स्टैंड के बाहर शनिवार की सुबह उतार कर चला गया।
बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़े युवक को देख आस पड़ोस के लोगों की
भीड़ जुट गई। लोगों ने किसी तरह उसके पास से मिली डायरी से उसके घर फोन कर
सूचना दी।