पंचायत सामान्य निर्वाचन के लिए कलक्ट्रेट में
रिटर्निंग आफीसर एवं सहायक रिटर्निंग आफीसरों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें
जिलाधिकारी ने आरओ, एआरओ को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्राम प्रधान तथा
सदस्य ग्राम पंचायत का निर्वाचन संवेदनशील एवं अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने
कहा कि अधिकारीगण निर्वाचन कार्य को पूर्ण सजगता, संवेदनशीलता तथा
निष्पक्षता से निर्वाचन कार्य को कराएं। बैठक में नाम निर्देशन पत्रों की
बिक्री तथा नाम निर्देशन पत्र एवं जमानत की धनराशि एवं अधिकतम क्रय सीमा
आदि की जानकारी दी गई। बताया गया कि हर उम्मीदवार अधिकतम चार नाम निर्देशन
पत्र प्रस्तुत कर सकता है।
बीडीओ को निर्देश दिए कि कन्नौज व जलालाबाद को
प्रथम चरण में निर्वाचन कार्य संपन्न कराना है। कहा कि प्रधान के उम्मीदवार
का ग्राम पंचायत के किसी वार्ड में मतदाता सूची में नाम दर्ज होना चाहिए।
सदस्य ग्राम पंचायत के मामले में ग्राम पंचायत के किसी वार्ड की मतदाता
सूची में नाम दर्ज होना चाहिए।
उम्मीदवार 21 वर्ष से कम आयु का नहीं होना
चाहिए। सीडीओ उदयराज यादव ने ग्राम प्रधान तथा सदस्य ग्राम पंचायत के
निर्वाचन के संबंध में प्रस्तुत करने वाले शपथ पत्र एवं पोषण पत्र जो नाम
निर्देशन के समय प्रस्तुत करने के बाबत आरओ, एआरओ को अवगत कराया। बैठक में
सहायक निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार, बीडीओ समेत अन्य अफसर मौजूद थे।
उधर,
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने पंचायत चुनाव
शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित कराने के लिए प्रथम चरण कन्नौज के लिए पर्यवेक्षक
व मजिस्ट्रेट डीएफओ आरके सिंह व जलालाबाद के लिए परियोजना निदेशक एके सिंह
कुशवाहा को बनाया है।
द्वितीय चरण छिबरामऊ के लिए तहसीलदार न्यायिक
छिबरामऊ धीरज श्रीवास्तव, सौरिख के लिए डीसी मनरेगा इंद्रपाल सिंह यादव। तृतीय
चरण तालग्राम के लिए क्षेत्रीय वनाधिकारी शिववरन पाल, गुगरापुर के लिए
वनाधिकारी अरुण शुक्ला, चतुर्थ चरण उमर्दा के लिए उप प्रभागीय वनाधिकारी
नवल किशोर, हसेरन के लिए वनाधिकारी छिबरामऊ दिनेश चंद्र शर्मा को बनाया गया
है। निर्देश दिए गए हैं कि अपने दायित्वों को सही ढंग से निर्वहन करेंगे।