कन्नौज। देविनपुर्वा गोवरधनी मोहल्ले में नवविवाहिता की मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी के हस्तक्षेप पर यह रिपोर्ट 26 दिन बाद लिखी गई है। मायके पक्ष ने दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस पति समेत तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जनपद मऊ के अकबरपुर टंडवा गांव निवासी आजाद राम ने बेटी सपना(19) की शादी इसी साल 15 जून को देविनपुर्वा गोवरधनी मोहल्ले के जितेंद्र कुमार से की थी। पिता ने बताया कि शादी में दान दहेज मिलाकर पांच लाख रुपये खर्च किए थे। जेठ धर्मेंद्र कुमार, जेठानी, मध्यस्थ राकेश व इनकी पत्नी बालमुनी देवी बाइक और पचास हजार रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगीं। दो जुलाई को ससुराल पक्ष के लोगों ने सपना की गला दबाकर हत्या कर दी। इसी दिन रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज करने की बात कहकर वापस भेज दिया था। 12 जुलाई को पोस्टमार्टम रिपोर्ट पता चलने पर संपर्क किया तो पुलिस समझौते का दबाव बनाने लगी। रिपोर्ट दर्ज नहीं की। अब पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद कोतवाली पुलिस ने बुधवार रात रिपोर्ट दर्ज की है।
सीओ शिव प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने पूछताछ के लिए पति जितेंद्र, जेठ धर्मेंद्र और मध्यस्थ राकेश को पकड़ा है। अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं देखी है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।