कन्नौज। कैफे में सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आ रही है। पीड़िता को पुलिस देर से लेकर कोर्ट पहुंची। इससे पीड़िता के बयान दर्ज नहीं हो सके। वहीं मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी समेत चार आरोपियों से पूछताछ जारी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली किशोरी ने शनिवार नारेंद्र, नीलेश, कमल, रामदास, नीलेश की पत्नी और नारेंद्र के जीजा के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि तिर्वा क्रासिंग पर नीलमणि कैफे में 13 अक्तूबर को आरोपियों ने उसके व उसकी सहेली के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर वीडियो बनाया था। पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी नारेंद्र, कमल, रामदास और नीलेश को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
मंगलवार दोपहर कोतवाली पुलिस मुकदमा दर्ज कराने वाली पीड़िता को कोर्ट देर से लेकर पहुंची। इससे मजिस्ट्रेट के सामने पीड़िता को हाजिर नहीं किया जा सका। कोतवाल आलोक कुमार दुबे ने बताया कि बुधवार को पीड़िता को कोर्ट में हाजिर कर बयान दर्ज कराए जाएंगे। वहां बयान के बाद भी काफी हद तक स्थिति साफ होगी।
-
कन्नौज। कैफे में दो छात्राओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर वीडियो बनाने वाले के मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आईजी मोहित अग्रवाल ने मामले को संज्ञान लेते हुए गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद एसपी प्रशांत वर्मा ने स्वयं मामले की जांच शुरू की है। एसपी ने बताया कि सभी पक्षों के बयान व तथ्य को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।
कन्नौज। सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी नीलेश की पत्नी प्रांजल उर्फ नेहा ने एसपी को पत्र भेजकर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उसने बताया है कि वह मूलरूप से छिबरामऊ निगोह खास की रहने वाली है। मौजूदा समय प्लाट नंबर 10 श्याम एनक्लेव प्रथम दीपपुरा टोड़ी मोड सीकर रोड जयपुर राजस्थान में रह रही है। पति निलेश के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट, भ्रूण हत्या का मुकदमा महिला थाना पश्चिम जयपुर में चल रहा है। दो साल से उसका नीलेश व उसके परिवार के लोगों से कोई बात नहीं हुई है। ऐसे में सामूहिक दुष्कर्म में नीलेश की पत्नी नाम से दर्ज एफआईआर में मेरी भूमिका गलत दर्शायी गई है।