समस्त परिषदीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल के
प्रधानाध्यापक और इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को एक दिवसीय यूडायस प्रशिक्षण
दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें जिला शैक्षिक सूचना प्रपत्र भरने के
बारे में जानकारी दी गई।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय में हुए बीईओ अमर
सिंह पाल की अध्यक्षता में संपन्न प्रशिक्षण में 188 प्राथमिक और 83 उच्च
प्राथमिक स्कूलों के प्रधानाध्यापकों ने प्रतिभाग किया। जिला समन्वयक
बालिका राजेश्वर सिंह यादव, प्रशिक्षण प्रभारी प्रियांक दुबे व उदित शुक्ला
ने प्रतिभागियों को प्रपत्र भरने के बारे में बताया।
बताया कि लगभग 60-65
प्रतिशत भाग स्वत: भरा हुआ है, यदि उसमें कहीं पर त्रुटि हो तो उसे काट कर
अंग्रेजी के कैपिटल लेटरों में भर दें। जिला शैक्षिक सूचना प्रपत्र में
स्कूल के भौतिक संसाधन के बारे में अंकन करना होगा, जबकि मानवीय संसाधन के
अंतर्गत शैक्षिक स्टाप, अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का विवरण देना है।
वहीं
शैक्षणिक संसाधन में फर्नीचर, बच्चों के बैठने की व्यवस्था, पुस्तक वितरण
के साथ एमडीएम की जानकारी अंकित की जाएगी। वित्तीय संसाधन के अंतर्गत
स्कूल को एक वित्तीय वर्ष में प्राप्त आय व्यय का लेखाजोखा देना होगा।
इसमें यूनिफार्म, स्कूल विकास, अनुरक्षण अनुदान (पुताई) के प्राप्त आय-व्यय
को दर्शाया जाएगा।
इस वित्तीय वर्ष व शैक्षणिक वर्ष दोनों एक अप्रैल से
माने जाएंगे, जबकि पूर्व में वित्तीय वर्ष अप्रैल और शैक्षिक वर्ष जुलाई से
माना जाता था। प्रशिक्षण में वरिष्ठ समन्वयक डॉ. आशीष राजपूत, समन्वयक
धर्मेंद्र सिंह बैस, राजपाल शाक्य, शैलेष मिश्रा, मीना राठौर, अनूप मिश्रा,
सुमनलता यादव, रमा मिश्रा आदि मौजूद थे।