पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तहसीन सिद्दीकी से बातचीत करते कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
गुरसहायगंज। युवा बेरोजगार संघ का बैनर लेकर सपाइयों ने बेरोजगार पद यात्रा निकाली। इस दौरान पुलिस से सपाइयों की झड़प हुई। पुलिस यात्रा रोकने में असफल साबित हुई। नेताओं ने प्रदेश सरकार पर उत्पीड़न और युवाओं को रोजगार न देने का आरोप लगाया।
युवा बेरोजगार संघ के अरुण कुमार शर्मा, विष्णु रंजन पाठक के नेतृत्व में बेरोजगार पद यात्रा का आयोजन किया गया। तिर्वा रोड स्थित इंटर कॉलेज में सैकड़ों सपाई एकत्र हुए। पुलिस बल के साथ कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने पदयात्रा की अनुमति न होने की बात कहते हुए यात्रा को रोकने का प्रयास किया। इस पर सपा नेता आक्रोशित हो गए। पुलिस की घेराबंदी तोड़ते हुए यात्रा कॉलेज के बाहर निकल कर तिर्वा रोड पर आ गई। इस दौरान पुलिस से सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से झड़प भी हुई।
इस दौरान पूर्व विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार नहीं दे पा रही है जिससे उनके सामने रोजी-रोटी की समस्या खड़ी है। भर्तियां निकाली जाती है, लेकिन पेपर लीक हो जाने पर उन्हें रद्द किया जा रहा है। पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव ने कहा कि युवाओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान जुनैद सिद्दीकी, उत्कर्ष गुप्ता, आमिर खां, नासिर सिद्दीकी, गुफरान सिद्दीकी, अतीक हुसैन, सतीश चंद गुप्ता और श्याम सुंदर मौजूद रहे।