कन्नौज। वर्ष 2021 में हुए पंचायत चुनाव के तहत हसेरन ब्लॉक की जिला पंचायत सीट के नतीजे के खिलाफ की याचिका को अदालत ने खारिज कर दिया है। चुनाव में तीसरे नंबर पर रहे प्रत्याशी ने चुनाव को शून्य घोषित करने के लिए याचिका दाखिल की थी। जिला जज की अदालत ने सुनवाई के बाद उसे खारिज कर दिया।
जिला पंचायत चुनाव में वार्ड 21 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दिगंबर सिंह यादव निर्वाचित घोषित किए गए थे। उन्हें 10,812 वोट मिला था। दूसरे नंबर पर भाजपा के वीर सिंह को 8,614 वोट मिला था। तीसरे नंबर पर उदय राजपूत को 4,203 वोट मिला था। उदय राजपूत ने मतगणना प्रक्रिया के खिलाफ याचिका दाखिल कर दिगंबर सिंह यादव के निर्वाचन को शून्य घोषित करने की मांग की गई थी। दिगंबर सिंह यादव की ओर से कोर्ट में पैरवी करने वाले अधिवक्ता कौशलेंद्र प्रताप त्रिपाठी ने बताया कि जिला जज अजय श्रीवास्तव की अदालत में इस याचिका की सुनवाई हुई। सभी तथ्य सामने रखे गए। सभी बिंदुओं पर सुनवाई के बाद जिला जज ने 19 पेज के निर्णय आदेश में याचिका को खारिज कर दिया है। अपने पक्ष में फैसला आने पर दिगंबर सिंह यादव ने बताया कि यह सिर्फ सियासी अदावत के तहत किया गया था। अदालत में याचिका दाखिल करने वाले के खिलाफ चुनाव में वह बराबर जीतते रहे हैं। इस चुनाव से पहले भी जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में उदय राजपूत और परिवार के सदस्यों को पराजित किया है। इसी सियासी खुन्नस में उनके निर्वाचन को शून्य घोषित करने के लिए दायर की गई याचिका को अदालत ने खारिज कर दिया है।