जिला अस्पताल का आक्सीजन प्लांट। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। जिला अस्पताल के प्लांट में तैयार हो रही ऑक्सीजन की टेस्टिंग गुरुवार को पूरी कर ली गई। यह पूरी तरह शुद्ध मिली। इससे इसे अस्पताल में मरीजों को देने के लिए हरी झंडी मिल गई है।
सात दिन से जिला अस्पताल के प्लांट में तैयार ऑक्सीजन की टेस्टिंग की जा रही थी। अब तक की जांच में पाया गया कि यह पूरी तरह से शुद्ध और मरीजों को देने के लायक है। इसके बाद अस्पताल के मरीजों को देने के लिए मंजूरी दे दी गई। अभी अस्पताल में रखी ऑक्सीजन का उपयोग किया जा रहा था। अब प्लांट से तैयार ऑक्सीजन मरीजों को दी जाएगी।
सीएमएस डॉ. शक्ति बसु ने बताया कि अभी तक इस प्लांट मेें तैयार ऑक्सीजन मरीजों को नहीं दी जा रही थी। इसकी वजह जांच न होना था। कंपनी के इंजीनियरों की टीम ने सात दिन तक तैयार हो रही ऑक्सीजन की जांच की। इसके बाद इसे नष्ट किया। अब यह पाइप लाइन से पहले स्टोर को भेजी जाएगी। इसके बाद सभी वार्डों में आपूर्ति होगी। इस प्लांट से नियमित 1000 एलपीएम ऑक्सीजन का उत्पादन होगा। पूरे जिला अस्पताल के 100 बेड पर एक साथ ऑक्सीजन की जरूरत हुई तो भी यह पर्याप्त होगी।