कन्नौज। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना या मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान का लाभ जिन अन्त्योदय कार्ड धारक परिवारों को नहीं मिला है, उन्हें जल्द ही आयुष्मान कार्ड दिए जाएंगे। सरकार ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। इसके लिए 11 अक्टूबर को प्रदेश में आयुष्मान अन्त्योदय के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री 11 अक्टूबर को राज्य मुख्यालय पर लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड देकर कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे, जिसका हर जिले में सजीव वेबकास्ट किया जाएगा। साथ ही जनपद व ब्लाक स्तर पर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से 100 से 125 अन्त्योदय लाभार्थियों को मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत आयुष्मान कार्ड सौंपा दिए जाएंगे।
अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने जिलाधिकारी व मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र भेजकर 11 अक्टूबर को आयुष्मान अन्त्योदय के द्वार कार्यक्रम के सफल आयोजन के निर्देश दिए हैं। 11 अक्टूबर को आयुष्मान अन्त्योदय के द्वार कार्यक्रम के जरिये एक ही दिन में करीब एक लाख अन्त्योदय लाभार्थियों को
आयुष्मान कार्ड देने का लक्ष्य है। इसके साथ ही खाद्य एवं रसद विभाग व पंचायती राज विभाग के सहयोग से अधिक से अधिक अन्त्योदय लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए कहा गया है। सीएमओ डॉ. विनोद कुमार नें बताया कि इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।