प्लांट में मशरूम खेती देखते युवा किसान प्रिंस कटियार।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। ग्रामीण परिवेश में रहने वाले पढ़-लिखकर बढ़िया नौकरी कर शानदार जीवन यापन का सपना देखते हैं। वहीं कुछ लोग अलग कर औरों के लिए भी बेहतर जीवन जीने की राह प्रशस्त करते हैं। ऐसा गांव में रहने वाले दो पढ़े-लिखे भाइयों ने कर दिखाया। आधुनिक ढंग से मशरूम की खेती कर आज लाखों कमा रहे हैं। लोगों को यह खेती के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं।
जिला मुख्यालय से सटे मानपुर गांव में रहने वाले युवा अमित कटियार ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से बीटेक की पढ़ाई की। छोटे भाई प्रिंस कटियार ने मैथ से बीएससी किया है। कोरोना काल में नौकरी मिलना मुश्किल हुआ तो दोनों भाइयों ने आधुनिक ढंग से खेती करने का फैसला लिया। गांव के बाहर प्लांट तैयार कर मशरूम की खेती शुरू की। ट्रायल अच्छा रहा। अब बड़े पैमाने पर खेती कर दोनों भाई लाखों रुपये कमा रहे हैं। प्लांट के जरिए गांव के करीब 25 लोगों को रोजगार दिया है। इसके अलावा आसपास के किसानों को मशरूम की खेती के लिए भी प्रेरित कर रहे हैं।
प्रिंस कटियार ने बताया कि मौजूदा समय स्थानीय बाजार में मशरूम बेहतर दामों में बिक रहा है। रोजाना करीब दो क्विंटल मशरूम की सप्लाई हो रही है। सब्जी दुकानदार खुद चलकर प्लांट से मशरूम खरीदकर ले जाते हैं। वहीं जिला उद्यान अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि अमित और प्रिंस कटियार ने आधुनिक ढंग से मशरूम की खेती कर अन्य किसानों को भी स्वावलंबन की राह दिखाई। दोनों भाइयों से प्रभावित होकर जिले में कई कोल्ड स्टोर मालिकों और किसानों ने मशरूम की खेती करना शुरू कर दिया है। यह अच्छी पहल है।