जय मां दुर्गा मंदिर मोहल्ला छपट्टी में चल रहे
नवरात्र महोत्सव में नवम सिद्धिदात्री देवी की आराधना की गई। इस दौरान मां
दुर्गा के नौ जीवंत रूप देख दर्शक अभिभूत हो गए।
बुधवार की रात गणेशजी
और मां अंबे की आरती के बाद संचालन कर रहे कमेटी के उपाध्यक्ष राजीव अरोड़ा
ने नवम सिद्धदात्री देवी की महिमा का बखान किया। नमो-नमो गीत के दौरान
एक-एक करके नौ देवियों का आगमन होते ही मां के जयकारे गूंजने लगे। भक्त
मनीष वर्मा ने विशिष्ट नृत्य शैली में इन सभी की आरती की।
मैं माफी मांगने
आया गीत पर करन, अंकुर, ऋषभ, शोभित, प्रियांशु, दिलीप, अवनीश, बिल्लू,
जानू, पारस और रजत के ग्रुप डांस ने जमकर धमाल मचाया। मां सिद्धिदात्री
के स्वरूप में सिमरन, मां शैलपुत्री बनी बिट्टू गुप्ता, मां ब्रह्मचारिणी
बनी मुस्कान, मां चंद्रघंटा बनी दृष्टि, मां कूष्मांडा बनी बिट्टो, मां
स्कंद माता बनी तनीशा, मां कात्यायनी बनी तन्नू, मां कालरात्रि बनी सुरुचि
और मां महागौरी के स्वरूप में उन्नति का अभिनय सभी ने सराहा।
अंत में
प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कमेटी के अंकित गुप्ता ने
बताया कि कन्या भोज और भंडारा 23 अक्तूबर को होगा और मां की विसर्जन यात्रा
24 अक्तूबर को निकलेगी।