दिशा की बैठक को संबोधित करते सांसद सुब्रत पाठक ।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। जनपद में पाइप पेयजल योजना में तेजी लाकर सभी घरों को लाभान्वित करें। ग्रामीण क्षेत्रों से आवास के लिए आने वाले प्रार्थना पत्रों में पात्र लाभार्थियों के नाम ब्लॉक स्तर पर पंजिका में दर्ज करें। शासन की योजनाओं का व्यापक प्रचार- प्रसार सुनिश्चित किया जाए। यह बातें बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में सांसद सुब्रत पाठक ने अफसरों से कहीं।
सांसद जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) के बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने मनरेगा, दीन दयाल अंत्योदय योजना, प्रधानमंत्री सड़क योजना, राष्ट्रीय सामाजिक कार्यक्रम, प्रधानमंत्री आवास शहरी व ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मिडडे मील, अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई व राष्ट्रीय राजमार्ग आदि विकास से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की। सांसद ने कहा कि किसानों की आय में वृद्धि के लिए जैविक खेती को बढ़ावा दें। इनके उत्पादों को ब्रांड बनाकर बाजार में बेचा जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के छूटे पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलाने के लिए ब्लॉकवार सूची बनाएं।
यहां मोतीपुर गांव में सामूहिक पेयजल योजना के बारे में शिकायत हुई। अधिशासी अभियंता जल निगम को संबंधित पेयजल योजना का संचालन शीघ्र कराने के लिए कहा गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने दिशा के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए सभी विभागों को लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, उप निदेशक कृषि, जिला पंचायत राज अधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भी मौजूद रहे।