छिबरामऊ(कन्नौज)। कालेज से घर लौट रही छात्रा से युवक ने छेड़छाड़ कर दी। अपना बचाव करने के लिए छात्रा घर की ओर भागी तो आरोपी ने पीछा किया। छात्रा के परिजनों ने युवक को पकड़ लिया। यह उसे उसके बहनोई के पास ले गए। इस पर बहनोई ने छात्रा के परिजनों को पीट दिया। पुलिस ने आरोपी जीजा-साले को हिरासत में ले लिया है।
इलाके के एक गांव की 16 साल की छात्रा नगर के विद्यालय में कक्षा 11 की छात्रा है। वह एनसीसी (नेशनल कैडेट कोर) का प्रशिक्षण ले रही है। बुधवार को छात्रा कालेज से चचेरे भाई और अन्य छात्र के साथ गांव लौट रही थी। नकटपुर गांव के पास बारिश शुरू हो गई। बचने के लिए वह सबमर्सिबल के पास खड़ी हो गई। यहां पर युवक ने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी।
चचेरे भाई ने विरोध किया तो उसे पीटकर घायल कर दिया। बचाव के लिए छात्रा घर की ओर दौड़ी तो युवक ने उसका पीछा किया। युवक ने छात्रा के कान की बाली और हाथ की घड़ी छीन ली। छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को मामले की जानकारी दी। परिजनों ने युवक को पकड़ लिया। उसने बताया कि बहनोई पास के गांव में रहते हैं। छात्रा के परिजन उसके बहनोई के गांव पहुंचे। उनसे शिकायत की। गुस्साए बहनोई ने छात्रा के परिजनों को पीट दिया। मामले की जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। वह आरोपी जीजा-साले को कोतवाली ले आई।
इस संबंध में कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी जीजा-साले को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।