विकास खंड तालग्राम के बिरौली में सीबीएसई की तर्ज पर 2012 से बनाया जा रहा मॉडल स्कूल पांच साल बाद भी शुरू नहीं हो सका। अभी शिक्षकों की तैनाती भी नहीं की गई।
ग्रामीण देशराज, रामनिवास, सदानंद, श्यामू, सत्येंद्र सिंह, उमेशचंद्र, सीताराम, अभय सिंह आदि का कहना है कि लाखों रुपये की कीमत से बनने वाला मॉडल स्कूल निर्माण इकाई की लापरवाही के कारण 2017 में पूरा नहीं हो सका है। इस मॉडल स्कूल में कक्षा छह, नौ व 11 में प्रथम सत्र के लिए प्रवेश लिया जाना है। स्कूल का संचालन शुरू न होने से अभिभावकों ने अपने बच्चों का प्रवेश प्राइवेट स्कूलों में करा दिया है।
छात्र नेता सुनील, पंकज, पीयूष आदि का कहना है कि डीआईओएस ने पिछले साल 2017 में मॉडल स्कूल संचालन का भरोसा दिलाया था, लेकिन स्कूल के संचालन के लिए अभी तक शिक्षकों की तैनाती प्रक्रिया भी शुरू नहीं की गई है। स्कूल के लिए फर्नीचर, पंखे, कुर्सी आदि भी खरीदा नहीं गया है।
बिरौली ग्राम प्रधान मालती देवी का कहना है कि कई बार स्कूल के संचालन के लिए उच्चाधिकारियों व जिला विद्यालय निरीक्षक को अवगत करा चुकीं हूं। अगर शीघ्र स्कूल शुरू न हुआ तो डीएम से लेकर सीएम तक शिकायत करूंगी।
कोट
मॉडल स्कूल में निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है। कुछ फिनशिंग शेष है। प्रयास करेंगे कि जुलाई तक स्कूल को हैंडओवर कर दें। - उमेश चंद्र (ठेकेदार)
मॉडल स्कूल को अप्रैल तक तैयार हो जाना चाहिए। इसके निर्देश उन्होंने पहले भी दिए थे। लेकिन निर्माण इकाई के ठेकेदार की लापरवाही से काम लेट हो रहा है। जुलाई से सत्र शुरू कराया जाएगा। -केपी सिंह (जिला विद्यालय निरीक्षक, कन्नौज)