छिबरामऊ(कन्नौज)। फर्रुखाबाद चौराहा स्थित मॉडल शॉप पर कैंटीन संचालक के रुपये मांगने पर नशे में धुत युवक ने मारपीट कर घायल कर दिया। कुछ देर बाद कैंटीन संचालक के परिजन मौके पर पहुंच गए। इन्होंने युवक को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने दोनों घायलों को नगर के सौ शय्या अस्पताल में भर्ती कराया है।
इलाके के ग्राम पृथ्वीपुर निवासी जितेंद्र सिंह उर्फ छोटू राठौर मॉडल शॉप में कैंटीन किए हैं। आरोप है कि सोमवार शाम को कांशीराम कॉलोनी निवासी राहुल गुप्ता यहां शराब पीने के लिए पहुंचा। यहां उसने कैंटीन संचालक से सामान खरीदा। रुपये मांगने पर शराब के नशे में धुत राहुल ने मारपीट कर घायल कर दिया। जानकारी पर जितेंद्र के परिजन पहुंच गए। इन्होंने राहुल को मारपीट कर घायल कर दिया। जानकारी पर सिटी इंचार्ज विनय शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने दोनों घायलों को सौ शय्या अस्पताल भेज दिया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। इस संबंध में कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।