कन्नौज। बिना परिवहन प्रपत्र मौरंग लदे डंपरों काे पास करवाने और चालकों से वसूली करते दो लोगों को खनन अधिकारी ने दबोच लिया। डंपर को सीज कर पुलिस के कब्जे में देते हुए आरोपितों के खिलाफ डंपर चालकों से वसूली और मारपीट करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
खनन अधिकारी संदेश पटेल की ओर से दर्ज करवाई रिपोर्ट में कहा गया है कि वह बुधवार की रात लिपिक सूर्य प्रताप सिंह गौर और चालक अजय कुशवाहा के साथ परिवहन, ओवरलोडिंग का चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान पाल चौराहा होते हुए मानीमऊ की तरफ जा रहा एक मौरंग लदे डंपर बलारपुर पुल के बाईपास पर खड़ा था। उसे हरदोई की ओर जाना था। डंपर में बिना परिवहन प्रपत्र के मौरंग थीे। डंपर के आगे कार से दनियापुर गांव निवासी सोनू कटियार व भाई मोनू कटियार कस्बे बेला निवासी डंपर चालक रवि और हेल्पर निखिल कुमार निवासी सिमरापुर्वा थाना बेला से बिना परिवहन प्रपत्र के डंपर को पास करवाने के नाम पर धन उगाही कर रहे थे। धन न देने पर चालक व हेल्पर के साथ गालीगलौज व मारपीट करने लगे। मौके पर पहुंचते ही चालक भाग गया। बिना परिवहन प्रपत्र के मौरंग लोड डंपर को सीज कर पाल चौराहा चौकी पुलिस के कब्जे में दे दिया गया। आरोपी सोनू व मोनू को कार समेत कोतवाली लगाया गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि दूसरे वाहन स्वामी सरनाम सिंह ने सोनू कटियार पर पैसा लिए जाने का आरोप लगा लिखित बयान दिया। सदर कोतवाली वीके तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।