कन्नौज। जिले की तीन विधानसभा सीटों के 1581 बूथों पर 12 लाख 69 हजार 941 मतदाता हैं। इन सभी बूथों पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। डीएम राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है, अब वोटरों के मतदान की बारी है।
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए जिले को 16 जोनों में बांटा गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि अतिरिक्त सतर्कता बरतने के लिए सभी विधानसभा में सुपर जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। पल-पल इनसे बूथों के हालातों का जायजा लिया जाएगा।
संवेदनशील 132 बूथों की निगरानी के लिए अलग से फोर्स तैनात किया गया है। 400 से अधिक ईवीएम एवं वीवीपैट मशीन रिजर्व रखी गईं हैं। जिससे कि कहीं ईवीएम में खराबी आने पर उसे तत्काल बदला जा सके। इसके लिए अलग से 15 गाड़ियों को सुरक्षित रखा गया है।
मतदान के दिन रविवार को अवकाश रहेगा। सरकारी और प्राइवेट सभी प्रकार के सार्वजनिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। कोई भी इंडस्ट्री वोट डालने के लिए किसी को रोक नहीं सकती है। यदि ऐसी कोई शिकायत मिली, तो प्रशासन संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा।