शासन के निर्देश के बाद पॉलीथिन की रोक को प्रभावी
ढंग से लागू करने के उद्देश्य से प्रशासन ने छापा मार कार्रवाई की। इस
कार्रवाई से नगर के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। टीम ने काफी मात्रा में
दुकानों से पॉलीथिन बैग जब्त किए।
एसडीएम महेश प्रसाद दीक्षित और सीओ
वीपी सिंह सोलंकी के नेतृत्व में रविवार को नगर में पॉलीथिन के खिलाफ
अभियान शुरू किया गया। सभी अधिकारी कोतवाली में एकत्र हुए। वहां से कोतवाल
आरपी पांडेय, नगरपालिका के सफाई निरीक्षक बहोरन सिंह, खाद्य सुरक्षा
अधिकारी कुमार चित्रसेन के साथ पुलिस, पीएसी बल तथा
नगरपालिका के कर्मचारियों के साथ सब्जी मंडी से अभियान की शुरुआत की गई।
नगर के मुख्य मार्ग पर शुरू हुआ यह अभियान सौरिख तिराहा तक चलाया गया। अभियान
के तहत काफी मात्रा में जब्त की गई पॉलीथिन बैग को साथ चल रहे नगरपालिका
के कर्मचारी ट्रैक्टर ट्राली में जमा कर रहे थे। अधिकारियों ने सभी
दुकानदारों और ठेलिया वालों को हिदायत दी कि पॉलीथिन बैग पूरी तरह
प्रतिबंधित हैं।
अगर निरीक्षण में दोबारा पॉलीथिन बैग पाए जाते हैं तो उनके
खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान पॉलीथिन में पैक करके रखे गए
बर्तनों से पॉलीथिन को अधिकारियों ने तत्काल हटवा दिया। प्रशासन द्वारा
पॉलीथिन के खिलाफ चलाए गए इस अभियान से नगर में हड़कंप मच गया।