छिबरामऊ/विशुनगढ़। शराब पार्टी के बीच दोस्तों के साथ हुए विवाद के बाद युवक लापता हो गया। युवक की पत्नी ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। पुलिस ने गायब युवक के एक दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम धरनीधरपुर नगरिया निवासी बारेलाल (35) पुत्र शंभूदयाल रविवार की सायं लगभग चार बजे विशुनगढ़ आया था। रात में घर न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। जानकारी होने पर पता चला कि विशुनगढ़ कस्बे के एक विद्यालय परिसर में बैठकर बारेलाल ने अपने पांच दोस्तों के साथ शराब पार्टी की। नशे में इनके बीच आपस में विवाद हो गया। उसके बाद बारेलाल अचानक गायब हो गया। परिजनों के साथ पांचों दोस्त युवक की तलाश कराते रहे लेकिन कहीं अता पता नहीं चल सका। पत्नी की शिकायत पर थानाध्यक्ष किशन पाल सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंच गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक के चार दोस्त मौके से गायब हो गए। पांचवें को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी हैं। साथ ही गायब चारों दोस्तों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। युवक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की है।
मौके से मिलीं चप्पलें व खून के निशान
पुलिस को जांच-पड़ताल में गायब युवक की टूटी हुई एक चप्पल विद्यालय परिसर में पड़ी मिली जबकि दूसरी को छत से बरामद किया। मौके पर कई जगहों पर खून के छींटे पर पड़े मिले। अनहोनी की आशंका में परिजनों का रो-रोकर बुरा है।
.
गांव तक जाने के बाद मौके पर ही लौटा खोजी कुत्ता
गायब युवक की तलाश के लिए थाना पुलिस ने फॉरेंसिक व डॉग स्क्वाड टीम को भी मौके पर बुला लिया। फॉरेंसिक टीम ने जगह-जगह पर पड़े खून के नमूने भी लिए। वहीं, खोजी कुत्ता बरामद चप्पलों को सूंघने के बाद बारेलाल के गांव तक गया। उसके बाद ज्वालामुखी मंदिर होते हुए वापस घटनास्थल पर ही लौट आया।