कन्नौज। शादी-विवाह के सीजन में दिल्ली, लखनऊ और हरदोई के लिए बस नहीं मिल रही। चुनाव में बसों के चले जाने से कोई अपनी साली की शादी में नहीं पहुंच पा रहा है, तो कोई वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए सुबह से स्टॉप पर बसों का इंतजार कर रहा है। देर शाम तक बस नहीं मिलने पर लोग समारोह में शामिल हुए बगैर घर लौट रहे हैं। मुख्यालय के डिपो से चलने वाली 46 रोडवेज बसों में से 26 विधानसभा चुनाव कराने के लिए गैरजिलों में चली गईं हैं। इससे यात्रियों को दिक्कतें हो रहीं हैं।
सोमवार को शहर के जीटी रोड किनारे स्थित सरायमीरा रोडवेज बस स्टॉप पर सुबह से ही यात्रियों की भीड़ थी। अपने-अपने स्थान के लिए सवारियां बसों का इंतजार कर रहीं थीं। कोई दिल्ली जाना चाहता था तो कुछ मैनपुरी की ओर, लेकिन छह घंटे तक उनको बस नहीं मिल सकी। खड़े-खड़े परेशान होकर सवारियां इधर से उधर टहलती रहीं। सीटों पर भी लोग बैठ गए। स्टॉप पर बैठे एक व्यक्ति ने बताया कि उसे हरदोई के पास अपनी ससुराल में साली की शादी में जाना था, रविवार को चार बजे वह स्टॉप पर आ गया था। लेकिन चुनाव की वजह से देर रात तक कोई बस नहीं मिली। इसलिए वह स्टॉप पर ही सो गया। सोचा था कि सुबह निकल जाउंगा। दिन के 11 बजे चुके हैं, कोई बस नहीं आई है। पत्नी का बार-बार फोन आ रहा है, वह भी बहुत नाराज हो गई है।
दुकानों पर लग जाती भीड़
स्टॉप के आस पास के क्षेत्रों का हाल यह है कि कई घंटे बस के इंतजार में बीत जाने के बाद खानपान वाली दुकानों पर भी सवारियों की भीड़ लग जाती है।
फरवरी से चल रही दिक्कत
फरवरी से ही रोडवेज बसों की किल्लत चल रही है। पहले चुनाव की रैलियों में वाहन गए थे, अब पुलिस और सुरक्षाबल भी लगे हैं। मतदान कार्मिकों को भी इनसे बूथों पर भेजा जा रहा है। तीन चरण का चुनाव हो गया है, अभी चार चरण का और मतदान होना है।
एआरएम बोले
कन्नौज से चलने वाली 46 रोडवेज बसें हैं। इसमें 26 विधानसभा चुनाव में लगी हैं। फिलहाल पूर्वांचल की ओर बसें गईं हैं, जो आठ और नौ मार्च को वापस आएंगी।
-राजेश कुमार, एआरएम रोडवेज
यात्रियों ने बताईं परेशानी
प्रिंस का कहना है कि उन्हें दिल्ली जाना है, लेकिन छह घंटे से कोई बस नहीं निकली है। पूछताछ कार्यालय पर बताया कि चुनाव में बसें लगी हैं, इसलिए पता नहीं है कि कब आएगी। बृजकिशोर कहते हैं कि एक घंटे से मैनपुरी जाने के लिए बैठे हैं। दोपहर के करीब बस मिलनी चाहिए। पूछताछ केंद्र पर बताया कि कोई जानकारी नहीं है। बस न मिली तो घर लौट जाएंगे। अनीता ने बताया कि कन्नौज में शादी में आई थीं, फिरोजाबाद जाना है। दोपहर 12 बजे के करीब बस बताई गई थी, लेकिन मिली नहीं। अगर जाने का साधन न मिला तो यहीं रुकना पड़ेगा। सुनीता ने बताया कि फिरोजाबाद की ओर जाना है, लेकिन बैठे-बैठे थक गए हैं। चार घंटे से कोई भी रोडवेज बस नहीं आई है। जो आईं, वह यात्रियों से भरी हैं। घर पहुंचना भी मुश्किल लग रहा है। नूरजहां ने बताया कि दिल्ली की ओर जाना है, सुबह आठ बजे से बैठे हैं। दोपहर के 12 बज गए हैं। आगे भी पता नहीं है कि बस कब मिलेगी। विधानसभा चुनाव की वजह से बड़ी दिक्कत है।