सौरिख। एसएससी की कोचिंग करने जा रहे छात्रों की बाइक में लोडर ने टक्कर मार दिया। कानपुर ले जाते समय एक छात्र ने दम तोड़ दिया। दो घायलों का इलाज हो रहा है।
थाना क्षेत्र के नगला बिहारी गांव निवासी छात्र पवन कुमार सिकरवार (21) गांव के दिलीप कुमार व आरिफपुर गांव निवासी राघवेंद्र के साथ शुक्रवार को एसएससी परीक्षा की तैयारी के लिए राजापुर बंबा के पास एक कोचिंग सेंटर जा रहे थे। परौर गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सभी गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन घायलों को सीएचसी ले गए, जहां से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज से डॉक्टरों ने दिलीप व पवन को कानपुर के लिए रेफर कर दिया। कानपुर ले जाते समय रास्ते में पवन ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।
भाई सनी की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को बाइक के पास हेलमेट नहीं मिला। पवन छह भाइयों में चौथे नंबर का था। हादसे से मां रीता देवी बेहाल हो गई हैं। पिता शिवराज सिंह की नौ साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी।