कन्नौज। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को देखते हुए जिले में स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों को परखने के लिए स्टेट नोडल अधिकारी की उपस्थिति में शुक्रवार को राजकीय मेडिकल कालेज तिर्वा में मॉक ड्रिल किया गया। नोडल अधिकारी ने जिला अस्पताल और विनोद दीक्षित अस्पताल में मोहल्ला निगरानी समिति की दवा किट वितरण का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर को भी चेक किया।
स्वास्थ विभाग के संयुक्त निदेशक एवं नोडल अधिकारी डॉ.बी.के.सिंह ने शुक्रवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उसके बाद सीएमओ और अन्य चिकित्साधिकारियों के साथ ओमिक्रॉन वैरिएंट को देखते हुए तैयारियों के बारे मे चर्चा की। नोडल अधिकारी ने विनोद दीक्षित अस्पताल में मोहल्ला निगरानी समिति के दवा वितरण का निरीक्षण किया। उसके बाद दवा के स्टॉक रजिस्टर को भी चेक किया।
कोरोना प्रबंधन के नोडल अधिकारी डॉ.ब्रजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि ओमिक्रॉन से निपटने के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में 116, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छिबरामऊ,सौरिख,तालग्राम व जलालाबाद 30 बेड का पीडियाट्रिक वार्ड बना लिया गया है।
मेडिकल कॉलेज के पीआईसीयू वार्ड में हुआ मॉक ड्रिल
तिर्वा संवाद के अनुसार राजकीय मेडिकल कॉलेज में बने पीआईसीयू वार्ड का संयुक्त सचिव एवं नोडल अधिकारी डॉ.बी.के.सिंह ने शुक्रवार को मॉक ड्रिल कराया। मॉक ड्रिल के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों की तैयारियों को भी परखा। उन्होंने बंद पड़े वेंटिलेटर को भी चलाने के निर्देश दिए। संयुक्त सचिव ने पीआईसीयू वार्ड का भी निरीक्षण किया। अस्पताल में आने वाले मरीज को एंबुलेंस से वार्ड में शिफ्ट कर उपचार शुरू कराने का मॉक ड्रिल किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्ड के आसपास गंदगी देख नाराजगी जाहिर की। पीआईसीयू वार्ड में मौजूद मरीजों से मेडिकल कॉलेज में मिलने वाले उपचार के बारे में जानकारी ली। वार्ड के सफाई कर्मचारियों को साफ-सफाई रखने के निर्देश जारी किए। वार्ड में मौजूद डॉक्टरों से भी कई सवाल पूछे। इसके साथ ही उन्होंने वेंटिलेटर चलाने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीएमएस डॉ. दिलीप सिंह, डॉ. बृजेश शुक्ला, कैलाश सैनी समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।