तिर्वा। सपा के जिला पंचायत सदस्य दिगंबर सिंह यादव के बाद अब सोमवार को जिला पंचायत सदस्य इंद्रेश यादव की एक शिकायत जिला प्रशासन ने निकाल ली। तहसील प्रशासन से जांच कराई गई। हालांकि शिकायत सही नहीं मिली।
इंदरगढ़ थाने के मंसुखपुर्वा गांव में रहने वाले सपा नेता, पूर्व ब्लाक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्य इंद्रेश यादव ने गांव में डिग्री कालेज का निर्माण कराया है। कालेज का निर्माण ग्रामसभा की जमीन पर कराने की शिकायत की गई है। सोमवार को तहसीलदार अनिल कुमार सरोज, नायब तहसीलदार मोहित लाल वर्मा और चकबंदी लेखपाल विकास यादव ने स्कूल की जमीन की पैमाइश कराई। तहसीलदार ने बताया कि शिकायत में बताया गया था कि इंद्रेश यादव ने ग्रामसभा की सात एकड़ जमीन पर कालेज का निर्माण कराया है।
जांच में पाया गया कि सात एकड़ भूमि चकबंदी अधिकारी ने कालेज के नाम की थी। चकबंदी अधिकारी ने दो सितंबर 2006 में यह किया था। यह भी शिकायत थी कि कालेज के नाम पर जमीन के गाटा को छोड़कर दूसरे पर निर्माण कराया गया है। तहसीलदार ने बताया कि जांच में चकबंदी विभाग के आदेश पर मिली जमीन पर ही निर्माण पाया गया।
भाजपा के दबाव में प्रशासन: इंद्रेश यादव
जिला पंचायत सदस्य इंद्रेश यादव ने बताया कि मैंने कोई गलत काम नहीं किया है। प्रशासन चाहे जितने जोर लगा ले, वह झुकने वाले नहीं हैं। मकान व आवास को गिराने वाले अधिकारी ही इन्हें सरकार आने पर बनाएंगे। कभी कोई अवैध कब्जा नहीं किया है। भाजपा के नेताओं के कहने पर प्रशासन सपा के लोगों पर दबाव बनाने में जुटा है।