गुरसहायगंज(कन्नौज)। दुकान पर खरीदारी के लिए पहुंची महिला के बैग में ब्लेड का कट लगाकर तीन महिलाओं ने 6000 रुपये पार कर दिए। दुकानदारों ने दो सगी बहनों को पकड़ लिया। इनकी एक साथी मौके से भाग निकली। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है।
तालग्राम थाना इलाके के गांव गदनापुर निवासी वीरेंद्र कुमार की पत्नी राममूर्ति बेटी रवीना के साथ भतीजी ज्योति की शादी के लिए खरीदारी करने बाजार आई थीं। तिर्वा रोड पर रेडीमेड की दुकान पर तीनों लोग कपड़े पसंद कर रहे थे। पास में खड़ी तीन अन्य महिलाओं ने मौका पाकर राममूर्ति के हाथ वाली पॉलिथीन को फाड़ दिया। अंदर रखे बैग को ब्लेड से काट कर 6000 रुपये पार कर दिए। इस घटना को राममूर्ति की पुत्री रवीना ने देख लिया। उसने अपनी मां को बताया।
इस दौरान रुपये पार करने के बाद तीनों महिलाएं सड़क पार करने लगीं। दो महिलाओं को दुकानदारों ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया है। काफी पूछताछ के बाद भी अपना नाम और पता नहीं बताया। न ही भागी महिला के बारे में जानकारी दी।